मृत्यु के बाद ऑनलाइन अकाउंट कैसे बंद करें (भारत)
प्रकाशक: Karan Bindal, संस्थापक · प्रकाशित:
इस हिस्से की गाइड: नाम बदलना और खाते बंद करना · मृत्यु के बाद क्या करें: भारत में परिवार के लिए पूरी गाइड
गुज़र चुके व्यक्ति के ऑनलाइन अकाउंट बंद करने के लिए पहले परिवार के काम की हर चीज़ सहेज लें, फिर हर कंपनी के अपने deceased-user फ़ॉर्म पर मृत्यु प्रमाण पत्र और अपनी ID की स्कैन कॉपी के साथ अनुरोध करें। Facebook और Instagram मेमोरियल या हटाए जा सकते हैं, Google और X बंद किए जा सकते हैं, Apple और Amazon अधिकार का सबूत माँगते हैं। पासवर्ड कोई कंपनी नहीं देगी।
काम सही क्रम में करें। बैंक और बीमा के क्लेम में अभी मोबाइल नंबर और अक्सर ईमेल की ज़रूरत पड़ेगी, इसलिए पैसा मिलने तक दोनों चालू रखें। अकाउंट बंद करना आम तौर पर हमेशा के लिए होता है, और Google कहता है कि एक बार अकाउंट बंद हो गया तो बाद में उसका डेटा नहीं दे सकता। इसलिए पहले फ़ोटो सहेजें।
यह गाइड हमारी मृत्यु के बाद की गाइड का हिस्सा है। अगर आप अपने ख़ुद के अकाउंट के लिए पहले से तैयारी करना चाहते हैं, तो हमारी डिजिटल वसीयत गाइड पढ़ें।
परिवार सबसे पहले क्या करे?
- मृत्यु प्रमाण पत्र की कई कॉपी लें, और एक की साफ़ स्कैन बना लें। नीचे का हर फ़ॉर्म इसे माँगता है।
- मोबाइल नंबर और SIM चालू रखें। बैंक, EPFO और निवेश प्लेटफ़ॉर्म इसी पर OTP भेजते हैं। देखें हमारी आधार, पैन और SIM गाइड।
- उस व्यक्ति के नाम से लॉग इन न करें, चाहे पासवर्ड पता हो। Facebook, Instagram और LinkedIn के नियमों में किसी और का अकाउंट चलाना मना है, और बैंक या UPI ऐप चलाने से क्लेम उलझ सकता है।
- ज़रूरी चीज़ें सहेजें: फ़ोन की फ़ोटो, ईमेल में आए दस्तावेज़ और संपर्क नंबर। जो फ़ोन पहले से खुल सकता है, वहीं से शुरू करना सबसे आसान है।
- हर अकाउंट और हर autopay की लिस्ट बनाएं, फिर नीचे की टेबल की एक-एक लाइन पर काम करें।
कौन-से अकाउंट बंद या मेमोरियल हो सकते हैं, और हर एक के लिए क्या चाहिए?
| प्लेटफ़ॉर्म | परिवार क्या कर सकता है | क्या चाहिए | आधिकारिक पेज |
|---|---|---|---|
| Google (Gmail, Drive, Photos, YouTube) | अकाउंट बंद करवाना, उसमें के पैसे या डेटा का अनुरोध | आपकी सरकारी ID और मृत्यु प्रमाण पत्र। अंग्रेज़ी में न हो तो प्रमाणित, नोटरी वाला अंग्रेज़ी अनुवाद। डेटा के लिए, मंज़ूरी मिलने पर अमेरिका की कोर्ट का आदेश भी | Google deceased user फ़ॉर्म |
| मेमोरियल करवाना, या अकाउंट हटवाना | हटाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र सबसे तेज़ रास्ता; न हो तो अधिकार का सबूत (जैसे वसीयत या पावर ऑफ़ अटॉर्नी) और शोक-सूचना या मेमोरियल कार्ड | Facebook हटाने का अनुरोध | |
| मेमोरियल, या हटवाना (सिर्फ़ क़रीबी परिवार) | मेमोरियल: मृत्यु का सबूत, जैसे शोक-सूचना या ख़बर। हटाना: जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, या क़ानूनी प्रतिनिधि होने का सबूत | Instagram deceased अकाउंट | |
| हमें मृत व्यक्ति के लिए कोई प्रक्रिया नहीं मिली; 120 दिन इस्तेमाल न होने पर अकाउंट आम तौर पर डिलीट हो जाता है | कुछ भरना नहीं। पहले फ़ोन या बैकअप से चैट सहेज लें | WhatsApp inactive अकाउंट | |
| X (Twitter) | अकाउंट deactivate करवाना | सत्यापित नज़दीकी परिवार या संपत्ति का अधिकृत प्रतिनिधि; फिर X ईमेल पर आपकी ID और मृत्यु प्रमाण पत्र माँगता है | X deceased user |
| मेमोरियल, या बंद करवाना | मेमोरियल: अगर आप LinkedIn पर जुड़े हैं या सरनेम एक है, तो मृत्यु की रिपोर्ट करें। बंद करना: कोर्ट का दस्तावेज़, जैसे letters of administration। वसीयत या पावर ऑफ़ अटॉर्नी मान्य नहीं | LinkedIn deceased member | |
| Apple Account और iCloud | Legacy Contact को तीन साल तक डेटा, या अकाउंट डिलीट, या Activation Lock में मदद | Legacy Contact हो तो access key और मृत्यु प्रमाण पत्र। न हो तो क़ानूनी दस्तावेज़, आम तौर पर मृत्यु प्रमाण पत्र और कभी कोर्ट का आदेश | Apple: परिवार के मृत सदस्य का अकाउंट |
| Microsoft (Outlook, Hotmail, OneDrive) | लॉगिन पता हो तभी बंद कर सकते हैं; वरना दो साल बाद अपने आप बंद | डेटा सिर्फ़ वैध subpoena या कोर्ट के आदेश पर | Microsoft: जब किसी की मृत्यु हो |
| Amazon.in और Prime Video | Bereavement Support से अकाउंट बंद | अकाउंट के ईमेल से साइन इन हो सके तो वहीं से; वरना मृत्यु प्रमाण पत्र और अधिकार का डिक्लेरेशन फ़ॉर्म | Amazon.in Bereavement Support |
| Netflix | मेंबरशिप कैंसल | अकाउंट का ईमेल या फ़ोन नंबर, और अभी जिससे पेमेंट हो रहा है उसकी पूरी जानकारी | Netflix: मृत सदस्य का अकाउंट |
| PayPal India | अकाउंट बंद और बैलेंस का भुगतान | सिर्फ़ executor या administrator: कवर शीट, मृत्यु प्रमाण पत्र, वारिस की फ़ोटो ID, उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जैसा दस्तावेज़, और पैसे पर एक पत्र | PayPal India |
| मोबाइल नंबर (Jio, Vi) | नंबर कानूनी वारिस के नाम करवाना | Jio: मृत्यु प्रमाण पत्र, नया CAF और नया वेरिफ़िकेशन। Vi: स्टोर पर मृत्यु प्रमाण पत्र, रिश्ते का सबूत और ID | Jio कंज़्यूमर चार्टर |
इनमें से हर कंपनी किसी न किसी रूप में कहती है कि वह पासवर्ड नहीं देगी। मेन्यू और फ़ॉर्म बदलते रहते हैं, इसलिए शुरू करने से पहले आधिकारिक पेज खोल लें।
मृत्यु के बाद Gmail या Google अकाउंट कैसे बंद करें
ऊपर दिए Google फ़ॉर्म में तीन विकल्प हैं: अकाउंट बंद करना, उसमें के पैसे का अनुरोध, या उसका डेटा माँगना। Google नज़दीकी परिवार और क़ानूनी प्रतिनिधियों के साथ काम करता है, हर अनुरोध को ध्यान से जाँचता है, और साफ़ कहता है कि वह पासवर्ड नहीं दे सकता।
- पहले तय करें कि कोई डेटा चाहिए या नहीं। अकाउंट पहले बंद करवा दिया, तो Google कहता है कि बाद में उसका डेटा नहीं दे सकता।
- बंद करवाने के लिए व्यक्ति का नाम और Gmail पता, अपना नाम और ईमेल, रिश्ता, मृत्यु की तारीख़, अपनी सरकारी ID और मृत्यु प्रमाण पत्र की स्कैन दें।
- प्रमाण पत्र की भाषा देखें। जो दस्तावेज़ अंग्रेज़ी में नहीं है, उसके लिए Google प्रमाणित, नोटरी वाला अंग्रेज़ी अनुवाद माँगता है। बहुत-से भारतीय मृत्यु प्रमाण पत्र दो भाषाओं में होते हैं, पर सिर्फ़ हिंदी या किसी और भाषा वाले प्रमाण पत्र का अनुवाद लगेगा।
- डेटा के लिए Google का फ़ॉर्म कहता है कि अनुरोध मंज़ूर होने पर अमेरिका में जारी कोर्ट का आदेश लाना होगा। ज़्यादातर भारतीय परिवारों के लिए यह व्यावहारिक नहीं, इसलिए जो फ़ोन और शेयर किए एल्बम से सहेजा जा सके, पहले सहेज लें।
YouTube Google अकाउंट का ही हिस्सा है। Google कहता है कि अकाउंट डिलीट होने पर उससे ख़रीदी YouTube और Google Play की सब्सक्रिप्शन और ख़रीदारी ख़त्म हो जाती है, इसलिए यही फ़ॉर्म चैनल पर भी लागू है।
अगर व्यक्ति ने Google का Inactive Account Manager सेट किया था, तो Google उसी योजना पर चलता है, और चुने हुए लोगों को डाउनलोड लिंक मिलता है।
मृत व्यक्ति का Facebook अकाउंट कैसे बंद या मेमोरियल करें
Facebook दो रास्ते देता है। मेमोरियल करने पर प्रोफ़ाइल दोस्तों और परिवार के लिए यादें बाँटने की जगह बनी रहती है, और कोई उसमें लॉग इन नहीं कर सकता। हटाने पर अकाउंट डिलीट हो जाता है।
- अगर व्यक्ति ने legacy contact चुना था, या मृत्यु के बाद अकाउंट डिलीट करने का विकल्प चुना था, तो Facebook वही मानता है।
- हटाने के लिए Facebook नज़दीकी परिवार या executor से दस्तावेज़ माँगता है। मृत्यु प्रमाण पत्र की स्कैन सबसे तेज़ रास्ता है। वह न हो तो अधिकार का एक सबूत (पावर ऑफ़ अटॉर्नी, वसीयत, estate letter, या व्यक्ति नाबालिग था तो जन्म प्रमाण पत्र) और मृत्यु का एक सबूत (शोक-सूचना या मेमोरियल कार्ड) भेजें। जानकारी अकाउंट से मेल खानी चाहिए।
- मैसेज या दूसरी सामग्री के लिए Facebook बहुत कम मामलों में विचार करता है, और अधिकृत प्रतिनिधि होने का सबूत और कोर्ट का आदेश माँगता है।
Facebook कहता है कि वह मृत्यु के बाद भी किसी और के अकाउंट की लॉगिन जानकारी नहीं दे सकता।
Instagram अकाउंट मेमोरियल या डिलीट कैसे करें
कोई भी मृत्यु का सबूत, जैसे शोक-सूचना या ख़बर का लिंक, भेजकर Instagram से प्रोफ़ाइल मेमोरियल करवा सकता है। हटाने का अनुरोध सिर्फ़ क़रीबी परिवार कर सकता है, व्यक्ति के जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, या आप व्यक्ति या उसकी संपत्ति के क़ानूनी प्रतिनिधि हैं यह दिखाने वाले सरकारी दस्तावेज़ के साथ। मेमोरियल प्रोफ़ाइल की लॉगिन जानकारी Instagram नहीं देता।
मृत्यु के बाद WhatsApp अकाउंट का क्या होता है?
हमें मृत व्यक्ति के लिए WhatsApp की कोई प्रक्रिया नहीं मिली। WhatsApp का हेल्प सेंटर कहता है कि 120 दिन तक एक्टिव न रहने वाले अकाउंट आम तौर पर डिलीट हो जाते हैं, यानी जो WhatsApp से जुड़े नहीं रहे। चैट फ़ोन में और व्यक्ति के Google या iCloud बैकअप में तब तक रहती हैं जब तक हटाई न जाएं। इसलिए फ़ोन खुल सकता है, तो SIM बदलने या फ़ोन रीसेट करने से पहले ज़रूरी चैट और फ़ोटो सहेज लें।
सुप्रीम कोर्ट ने 2023 में TRAI के हलफ़नामे के आधार पर कहा कि बंद हुआ मोबाइल नंबर कम से कम 90 दिन तक किसी नए ग्राहक को नहीं दिया जाता, और पुराने उपयोगकर्ता को पुराने नंबर से जुड़ा WhatsApp अकाउंट डिलीट कर देना चाहिए। अगर परिवार नंबर छोड़ रहा है, तो पहले उस पर से WhatsApp हटा दें।
X, LinkedIn और Microsoft: क्या उम्मीद करें
X सत्यापित नज़दीकी परिवार या संपत्ति की ओर से काम करने के लिए अधिकृत व्यक्ति के अनुरोध पर अकाउंट deactivate करता है। अनुरोध के बाद X ईमेल पर मृत व्यक्ति की जानकारी, आपकी ID और मृत्यु प्रमाण पत्र माँगता है। अकाउंट का एक्सेस वह किसी को नहीं देता।
LinkedIn में दोनों रास्ते बहुत अलग हैं। अगर आप उस व्यक्ति से LinkedIn पर जुड़े हैं या सरनेम एक है, तो मृत्यु की रिपोर्ट करें और LinkedIn प्रोफ़ाइल मेमोरियल कर देता है। अकाउंट बंद करने के लिए आपको संपत्ति की ओर से अधिकृत होना होगा और कोर्ट का दस्तावेज़ भेजना होगा, जैसे letters of administration, या आपको प्रतिनिधि बनाने वाला कोई और कोर्ट आदेश। LinkedIn वसीयत, पावर ऑफ़ अटॉर्नी और पहचान पत्र को मान्य नहीं मानता। ज़्यादातर भारतीय परिवारों के पास कोर्ट का ऐसा आदेश नहीं होता, इसलिए मेमोरियल ही व्यावहारिक रास्ता है। बंद होने के बाद पूरा डेटा हटने में 30 दिन तक लग सकते हैं।
Microsoft कहता है कि लॉगिन पता है तो आप ख़ुद अकाउंट बंद कर सकते हैं। नहीं पता, तो दो साल तक इस्तेमाल न होने पर अकाउंट बंद हो जाता है, और Outlook.com और OneDrive एक साल बाद फ़्रीज़ होकर उनके मेल और फ़ाइलें जल्द ही हटा दी जाती हैं। सामग्री Microsoft सिर्फ़ वैध subpoena या कोर्ट के आदेश पर देता है, और तब भी मदद हो पाए यह तय नहीं। Microsoft की कोई सब्सक्रिप्शन हो तो कार्ड या बैंक से पेमेंट रुकवाएं।
मृत्यु के बाद Apple ID और iCloud
अगर व्यक्ति ने आपको Legacy Contact बनाया था, तो access key और मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ Apple की Digital Legacy साइट पर अनुरोध करें। मंज़ूरी के बाद आप तीन साल तक फ़ोटो, मैसेज, नोट्स, फ़ाइलें और बैकअप देख सकते हैं, फिर अकाउंट डिलीट हो जाता है। ख़रीदी फ़िल्में, संगीत, किताबें, सब्सक्रिप्शन और iCloud Keychain के पासवर्ड इसमें नहीं मिलते।
Legacy Contact न हो तो Apple क़ानूनी दस्तावेज़ माँगता है, जिनमें आम तौर पर मृत्यु प्रमाण पत्र होता है और कभी आपको सही वारिस बताने वाला कोर्ट का आदेश भी। एक्सेस का अनुरोध सिर्फ़ एक व्यक्ति कर सकता है। Apple अकाउंट डिलीट भी कर सकता है, और व्यक्ति के डिवाइस से Activation Lock हटाने में मदद कर सकता है। पासकोड वाले फ़ोन को Apple मिटाए बिना नहीं खोल सकता।
Amazon, Flipkart, Netflix, Hotstar और दूसरी सब्सक्रिप्शन
Amazon.in। Amazon का Bereavement Support सिर्फ़ ग्राहक की संपत्ति के अधिकृत व्यक्ति के कहने पर काम करता है। अकाउंट के ईमेल से साइन इन हो सके, तो वहीं से अनुरोध करें। न हो, तो Amazon मृत्यु प्रमाण पत्र और आपके अधिकार का डिक्लेरेशन फ़ॉर्म माँगता है। अकाउंट बंद करना हमेशा के लिए है, सभी Amazon साइटों पर, और उस अकाउंट के Prime, फ़ोटो, संगीत और किताबें डिलीट हो जाती हैं।
Netflix। अकाउंट खुल सके तो Account पेज से कैंसल करें। न खुले तो अकाउंट के ईमेल या फ़ोन नंबर और अभी के पेमेंट की पूरी जानकारी के साथ Netflix से संपर्क करें।
Flipkart, JioHotstar और दूसरे। इनकी मृत व्यक्ति वाली कोई प्रकाशित प्रक्रिया हमें नहीं मिली। मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ उनके कस्टमर सपोर्ट से बात करें, और प्लान अपने आप रिन्यू हो रहा हो तो बैंक या कार्ड से पेमेंट रुकवाएं।
हर सब्सक्रिप्शन का सीधा नियम: ऐप के अंदर कैंसल न हो सके, तो पेमेंट रोकें। बैंक को मृत्यु का पता चलते ही वह खाता फ़्रीज़ कर देता है, तो उससे autopay कटना बंद हो जाता है। क्रेडिट कार्ड के लिए कार्ड कंपनी को फ़ोन करना होगा।
UPI ऐप: Paytm, PhonePe और Google Pay
UPI ऐप तो बस व्यक्ति के बैंक खाते की खिड़की है। पैसा बैंक में है, और वह बैंक के क्लेम से नॉमिनी या कानूनी वारिसों को मिलता है, ऐप से नहीं।
- ऐप इस्तेमाल न करें, अस्पताल के बिल के लिए भी नहीं। सही रास्ता हमारी बैंक क्लेम गाइड में है, और मुश्किल मामला हमारी बिना नॉमिनी पैसे निकालने की गाइड में।
- UPI autopay रोकने के लिए बैंक को मृत्यु की सूचना दें। फ़्रीज़ खाते से पैसा नहीं कट सकता।
- वॉलेट बैलेंस (Paytm Wallet, PhonePe Wallet, Amazon Pay balance) उस कंपनी के पास होता है जिसने वॉलेट जारी किया। RBI के प्रीपेड वॉलेट नियमों में मृत्यु के क्लेम की कोई तय प्रक्रिया नहीं है, इसलिए मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ कंपनी की शिकायत टीम को लिखें और पूछें कि बैलेंस नॉमिनी या वारिसों को कैसे मिलेगा।
मोबाइल नंबर और बैंक के OTP
मोबाइल नंबर अक्सर बाक़ी सब की चाबी होता है। बैंक, PF ऑफ़िस, म्यूचुअल फ़ंड और बीमा कंपनियाँ इसी पर OTP भेजती हैं, और कई ईमेल अकाउंट इसी से रिकवर होते हैं।
- हर क्लेम पूरा होने तक प्लान रिचार्ज करते रहें।
- फिर नंबर परिवार के किसी सदस्य के नाम करवाएं। Jio का कंज़्यूमर चार्टर ख़ून के रिश्तेदारों या कानूनी वारिसों के बीच नाम बदलने की इजाज़त देता है, मृत्यु प्रमाण पत्र, नए CAF और नए वेरिफ़िकेशन के साथ, पर पता नहीं बदलेगा। Vi स्टोर पर मृत्यु प्रमाण पत्र, रिश्ते के सबूत और ID के साथ नंबर ट्रांसफ़र करता है।
- नंबर छोड़ने से पहले बैंकों में नया नंबर दर्ज करवाएं, उस पर से WhatsApp हटाएं, और याद रखें कि 90 दिन बाद वह नंबर किसी अनजान को मिल सकता है।
परिवार के सवाल
क्या Google पापा के Gmail का पासवर्ड दे देगा? नहीं। Google कहता है कि वह पासवर्ड या लॉगिन जानकारी नहीं दे सकता। आप अकाउंट बंद करवा सकते हैं, और कुछ मामलों में डेटा माँग सकते हैं, पर Google LLC से डेटा के लिए अमेरिका की कोर्ट का आदेश चाहिए।
मरने के बाद Facebook अकाउंट कैसे डिलीट करें? Facebook का हटाने वाला अनुरोध मृत्यु प्रमाण पत्र की स्कैन के साथ भेजें। प्रमाण पत्र न हो तो अधिकार का सबूत, जैसे वसीयत, और शोक-सूचना या मेमोरियल कार्ड भेजें।
मेमोरियल करना बेहतर है या डिलीट? शुरुआत में अक्सर मेमोरियल। उसमें फ़ोटो और दोस्तों की श्रद्धांजलि बनी रहती है, और कोई लॉग इन करके ग़लत इस्तेमाल नहीं कर सकता। डिलीट करना हमेशा के लिए है, इसलिए कई परिवार पहले मेमोरियल करते हैं और हटाने का फ़ैसला कुछ समय बाद लेते हैं।
क्या SIM तुरंत बंद करवा दें? नहीं। बैंक, बीमा और निवेश के क्लेम पूरे होने तक रखें, क्योंकि OTP उसी नंबर पर आते हैं। फिर परिवार के किसी सदस्य के नाम करवा लें।
Mummy ki death ke baad unka Instagram kaise delete karein? क़रीबी परिवार का सदस्य जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, या क़ानूनी प्रतिनिधि होने के सबूत के साथ Instagram से प्रोफ़ाइल हटवा सकता है। या शोक-सूचना भेजकर मेमोरियल करवा सकता है।
अगर व्यक्ति ने कुछ भी सेट नहीं किया था? ऊपर की टेबल में हर कंपनी का फ़ॉर्म इस्तेमाल करें। और अपने अकाउंट के लिए, हमारी डिजिटल वसीयत गाइड के कुछ मिनट के इंतज़ाम से आपके परिवार को यह भाग-दौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
अगली बार आसान बनाएं
परिवार हफ़्तों इस लिस्ट में उलझे रहते हैं, क्योंकि किसी को पता ही नहीं था कि कौन-कौन से अकाउंट हैं। हमारी मुफ़्त फ़ैमिली चेकलिस्ट में फ़ोन, ईमेल और ऑनलाइन अकाउंट का पेज है, और Aakhri Pal आपके अकाउंट और उन तक पहुँचने का तरीक़ा एक निजी जगह पर रखता है, उन लोगों के लिए जिन्हें आप चुनें। पूरी तस्वीर के लिए देखें पूरी प्लानिंग गाइड और वसीयत कैसे लिखें।
यह भी देखें: मृत्यु के बाद क्या करें, चेकलिस्ट · लावारिस पैसा कैसे ढूंढें
आख़िरी बार जाँचा गया: 21 नवंबर 2026। प्लेटफ़ॉर्म के फ़ॉर्म और नियम अक्सर बदलते हैं, इसलिए किसी क़दम पर भरोसा करने से पहले कंपनी का हेल्प पेज खोल लें। यह सामान्य जानकारी है, क़ानूनी सलाह नहीं।
स्रोत: Google: deceased user's account · Google: delete your Google Account · Facebook: memorialise or remove · Facebook: removal of a deceased family member's account · Facebook: request content · Instagram: deceased person's account · WhatsApp: inactive account deletion · X: deceased family member's account · LinkedIn: memorialize or close the account of a deceased member · Apple: deceased family member's account · Apple: request access as a Legacy Contact · Microsoft: when someone has died · Amazon.in: Bereavement Support · Netflix: cancel for a member who has died · PayPal India: deceased relative's account · RBI Master Directions on Prepaid Payment Instruments · Jio Telecom Consumer Charter · Vi on SIM ownership · Supreme Court, Rajeswari v. Union of India, 30 October 2023